24 रुपये लेकर मुंबई आए जलगांव के भूषण ठाकरे बने KBC 18 के पहले करोड़पति, संघर्ष की कहानी सुन अमिताभ बच्चन ने लगाया गले
मुंबई: अमिताभ बच्चन के मशहूर क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) के 18वें सीजन को अपना पहला करोड़पति मिल गया है।
महाराष्ट्र के जलगांव से ताल्लुक रखने वाले 28 वर्षीय भूषण ठाकरे ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 1 करोड़ रुपये की धनराशि अपने नाम कर ली है। सोनी टीवी द्वारा जारी किए गए नए प्रोमो में दिखाया गया है कि 1 करोड़ का पड़ाव पार करते ही खुद सदी के महानायक अमिताभ बच्चन अपनी सीट से उठकर भूषण को गले लगा लेते हैं। अब भूषण के सामने 7 करोड़ रुपये का जैकपॉट सवाल होगा।
डेढ़ साल से घर नहीं गए, जेब में थे महज 24 रुपये
हॉट सीट पर बैठे भूषण ने जब अपनी जिंदगी के उतार-चढ़ाव साझा किए, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। उन्होंने बताया कि एक वक्त ऐसा था जब वे जेब में सिर्फ 24 रुपये लेकर सपनों की नगरी मुंबई पहुंचे थे। अपने लक्ष्य को हासिल करने की धुन में वे पिछले करीब डेढ़ साल से अपने घर भी नहीं जा पाए हैं।
पिता ने खुद मजदूरी की, पर बेटे को किताबों से दूर नहीं होने दिया
भूषण की इस कामयाबी के पीछे उनके माता-पिता का कड़ा संघर्ष छिपा है। उनके पिता दिहाड़ी मजदूरी करके घर चलाते थे। एक तरफ उन्हें भूषण की मां की गंभीर बीमारियों और कई सर्जरी का खर्च उठाना पड़ता था, तो दूसरी तरफ बेटे की पढ़ाई की जिम्मेदारी भी थी। भूषण ने भावुक होते हुए बताया कि जब उन्होंने घर की मदद के लिए काम करने की सोची, तो उनके पिता ने सख्ती से मना कर दिया। पिता का कहना था कि वे खुद मजदूरी कर लेंगे, लेकिन भूषण सिर्फ अपनी पढ़ाई पर ध्यान दें।
यूपीएससी की तैयारी कर रहे हैं भूषण
वर्तमान में सिविल सेवा (UPSC) की तैयारी कर रहे भूषण का कहना है कि 1 करोड़ रुपये की इस जीत ने उन्हें अपने पिता का सिर गर्व से ऊंचा करने का पहला बड़ा मौका दिया है। अब दर्शकों की नजरें आने वाले एपिसोड पर टिकी हैं, जहां वे 7 करोड़ रुपये के सबसे बड़े सवाल का सामना करेंगे।




