हरियाणा सरकार के ‘नशा मुक्त हरियाणा’ अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार सुबह सिरसा जिले के कालांवाली में आयोजित कालांवाली यूथ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
नई अनाज मंडी से शुरू हुए इस भव्य आयोजन में सुबह से ही युवाओं, खिलाड़ियों, स्कूली छात्रों और आम नागरिकों का भारी उत्साह देखने को मिला।
जिला प्रशासन की इस पहल को क्षेत्र में जबरदस्त समर्थन मिला और मैराथन में हिस्सा लेने के लिए 1.40 लाख से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया। प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा के युवाओं का यह जोश और ऊर्जा इस बात का प्रमाण है कि वे अपनी ताकत को सही और सकारात्मक दिशा में लगाना जानते हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में स्पष्ट कहा कि सरकार का दृढ़ संकल्प है कि प्रदेश की युवा पीढ़ी को नशे के अंधकार में नहीं जाने दिया जाएगा। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर खेलों, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा लगाने का आह्वान किया।
आयोजन के दौरान अलग-अलग आयु वर्गों के लिए दौड़ श्रेणियां रखी गईं, जिनमें विजेताओं के लिए नकद पुरस्कारों का प्रावधान भी किया गया। प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा, ट्रैफिक और चिकित्सा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कालांवाली की इस मैराथन ने पूरे सिरसा जिले में स्वास्थ्य, फिटनेस और नशा मुक्ति का सशक्त संदेश दिया।




