सिरसा की सांसद एवं कांग्रेस महासचिव कुमारी सैलजा ने हरियाणा में 44 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के प्रदूषण मानकों पर खरे न उतरने और घग्गर नदी में बढ़ते गंभीर जैविक प्रदूषण को लेकर राज्य सरकार से जवाब मांगा है।
हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (HSPCB) की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश के 44 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांटों से छोड़ा जा रहा पानी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकारी संयंत्र ही नियमों का उल्लंघन करेंगे, तो निजी उद्योगों से प्रदूषण नियंत्रण मानकों का पालन कैसे सुनिश्चित कराया जाएगा?
सैलजा ने बताया कि संसद में उनके द्वारा उठाए गए सवालों के लिखित जवाब में केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय ने केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की रिपोर्ट का उल्लेख किया है। इस रिपोर्ट के अनुसार हरियाणा और पंजाब से गुजरने वाली घग्गर नदी के कई हिस्सों को गंभीर जैविक प्रदूषण की श्रेणी में रखा गया है।
मंत्रालय ने अपने जवाब में यह भी स्पष्ट किया है कि सीवेज और औद्योगिक अपशिष्ट को जल स्रोतों में छोड़ने से पहले तय मानकों के अनुसार उपचारित करना राज्य सरकारों और स्थानीय निकायों की जिम्मेदारी है।
सांसद ने सिरसा और फतेहाबाद जिलों में घग्गर नदी से जुड़ने वाले नालों तथा एसटीपी के डिस्चार्ज पॉइंट्स से नियमित सैंपलिंग कराने और जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने मानसून के दौरान यमुना के अतिरिक्त पानी को घग्गर नदी में लाने वाली परियोजना का जल्द सर्वे कर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) केंद्र सरकार को भेजने पर जोर दिया, क्योंकि केंद्रीय मंत्रालय के अनुसार अब तक संबंधित एजेंसियों को इस परियोजना का प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ है।




