उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में निकाह पढ़ाने से ऐन वक्त पर इनकार करने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी इमाम को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना रोजा थाना क्षेत्र के बरमौला अर्जुनपुर गांव की है। गांव के निवासी और पेशे से अधिवक्ता मोनिश ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि मस्जिद के इमाम मोहम्मद सुरफान रजा कादिरी ने उनकी बहन का निकाह पढ़ाने से मना कर दिया।
मोनिश के अनुसार, उनकी बहन की शादी 15 नवंबर को तय थी। घर में मेहमान जुट चुके थे और तैयारियां पूरी हो गई थीं। करीब दो सप्ताह पहले ही इमाम ने निकाह पढ़ाने के लिए सहमति दे दी थी, लेकिन तय तारीख से ठीक पहले उन्होंने आने से साफ इनकार कर दिया। परिवार का आरोप है कि इमाम ने उनके रहन-सहन, हिंदू परंपराओं के प्रति सम्मान और घर की नेमप्लेट पर ‘वंदे मातरम’ व ‘जय हिंद’ लिखे होने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि उनके कुछ कार्य दीन के खिलाफ हैं।
अचानक हुए इस घटनाक्रम से परिवार को रिश्तेदारों के सामने असहज स्थिति का सामना करना पड़ा, हालांकि बाद में दूसरे मौलवी को बुलाकर तय समय पर निकाह संपन्न कराया गया। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने रोजा थाने में तहरीर देकर मानसिक प्रताड़ना और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी इमाम सुरफान रजा को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।




