राष्ट्रीय स्तर पर चमका मानसा सरकारी ITI का नाम, टॉपर जसप्रीत और उनके प्रशिक्षक को मिलेगा 25-25 हजार का इनाम

मेहनत और लगन से देश में पहला स्थान: मानसा ITI की जसप्रीत कौर बनीं युवाओं के लिए प्रेरणा

तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में पंजाब के लिए एक बड़ी और गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। मानसा स्थित सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) की छात्रा जसप्रीत कौर ने अखिल भारतीय स्तर पर इलेक्ट्रिकल ट्रेड में प्रथम स्थान हासिल कर पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। इस शानदार सफलता पर पंजाब के तकनीकी शिक्षा एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने जसप्रीत कौर और उनके प्रशिक्षक गुरबिंदर सिंह को 25-25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।

शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने जसप्रीत को बधाई देते हुए कहा कि एक छोटे शहर के सरकारी संस्थान से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष स्थान प्राप्त करना पूरे पंजाब के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि जसप्रीत की यह उपलब्धि राज्य के अन्य युवाओं को भी कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी। मंत्री के अनुसार, इस नकद पुरस्कार का मुख्य उद्देश्य होनहार विद्यार्थियों और समर्पित प्रशिक्षकों का उत्साहवर्धन करना है, ताकि संस्थानों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और उत्कृष्टता की भावना मजबूत हो।

मंत्री बैंस ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार सरकारी आईटीआई संस्थानों के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने और प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुधारने के लिए निरंतर काम कर रही है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय जसप्रीत की कड़ी मेहनत के साथ-साथ उनके माता-पिता, आईटीआई मानसा के प्रिंसिपल और पूरे स्टाफ के मार्गदर्शन को दिया।

इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विकास प्रताप ने भी खुशी जताते हुए इसे पूरे विभाग के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि करार दिया। साथ ही शिक्षा मंत्री ने राज्य के सभी आईटीआई प्रमुखों से आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों को नई ऊर्जा और बेहतर दिशा-निर्देश देकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करें।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *