रम नहीं ‘फ्लेवर्ड स्पिरिट’ है Old Monk? FSSAI की आपत्ति के बाद बिक्री पर रोक, रेवेन्यू में बड़ी गिरावट

संकट में देश का चर्चित रम ब्रांड Old Monk: 6 महीने में 64% गिरा रेवेन्यू, बॉम्बे हाई कोर्ट से भी वापस ली याचिका

देश के सबसे लोकप्रिय रम ब्रांड्स में शामिल ‘ओल्ड मॉन्क’ (Old Monk) की निर्माता कंपनी मोहन मीकिन लिमिटेड (Mohan Meakin) को भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की सख्ती के चलते भारी वित्तीय झटका लगा है। महाराष्ट्र स्थित उत्पादन इकाई में तैयार होने वाले उत्पादों की संरचना और लेबलिंग पर नियामक की आपत्ति के बाद कंपनी के सितंबर तिमाही के रेवेन्यू में सालाना आधार पर 77 प्रतिशत की भारी गिरावट दर्ज की गई है।

 

ताजा वित्तीय आंकड़ों के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में कंपनी का परिचालन राजस्व घटकर ₹108 करोड़ रह गया, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही में ₹473 करोड़ था। वहीं, अप्रैल से सितंबर की पहली छमाही में भी कंपनी की कुल कमाई 64 प्रतिशत गिरकर ₹792 करोड़ से ₹288 करोड़ पर आ गई है।

विवाद की शुरुआत महाराष्ट्र के खोपोली स्थित मोहन रॉकी स्प्रिंगवॉटर ब्रुअरीज प्लांट के निरीक्षण के बाद हुई। FSSAI ने ओल्ड मॉन्क के तीन वेरिएंट्स के निर्माण तरीके पर सवाल उठाते हुए कहा कि न्यूट्रल स्पिरिट में रम फ्लेवर मिलाकर तैयार किए गए पेय को सामान्य रम की श्रेणी में नहीं बेचा जा सकता, बल्कि इसे ‘रम-फ्लेवर्ड स्पिरिट’ के तौर पर लेबल करना अनिवार्य है। इसके अलावा, बोतलों पर लिखे ‘7 Years Old Blended’ और ‘Very Old Vatted’ जैसे दावों पर भी आपत्ति जताई गई।

नियामक के आदेश के बाद मई से ही प्लांट में उत्पादन और तीनों वेरिएंट्स की बिक्री पर रोक लगी हुई है। कंपनी ने पहले इस आदेश को बॉम्बे हाई कोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन 5 नवंबर को याचिका वापस लेते हुए संशोधित लेबल सीधे FSSAI के पास मंजूरी के लिए जमा करने का फैसला किया। कंपनी का कहना है कि इस पाबंदी से उसे करीब ₹50 करोड़ का नुकसान हुआ है, जबकि महाराष्ट्र सरकार को लगभग ₹350 करोड़ के आबकारी राजस्व की हानि हुई है और करीब 300 कर्मचारियों का काम प्रभावित हुआ है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *