वैश्विक बाजार में भारत की बड़ी छलांग, मार्केट कैप में नैस्डैक से आगे निकला NSE

लिस्टिंग के दो महीने में ही NSE का कमाल, ₹5.56 लाख करोड़ के पार पहुंचा मार्केट

भारतीय वित्तीय बाजार के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) बाजार पूंजीकरण के मामले में दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा सूचीबद्ध स्टॉक एक्सचेंज बन गया है।

ताजा आंकड़ों के अनुसार, NSE का मार्केट कैप बढ़कर करीब 59.7 अरब अमेरिकी डॉलर यानी लगभग ₹5.56 लाख करोड़ के स्तर पर पहुंच गया है। इस बढ़त के साथ NSE ने हांगकांग एक्सचेंज एंड क्लियरिंग (HKEX) और अमेरिकी शेयर बाजार नैस्डैक (Nasdaq) को पीछे छोड़ दिया है।

सितंबर में शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने के बाद से ही NSE के शेयरों में मजबूत तेजी देखने को मिल रही है। निवेशकों की लगातार बढ़ती दिलचस्पी और मजबूत कारोबारी प्रदर्शन ने इसके मूल्यांकन को नई ऊंचाई दी है। वैश्विक रैंकिंग में CME ग्रुप, इंटरकॉन्टिनेंटल एक्सचेंज, डॉयचे बोर्स और लंदन स्टॉक एक्सचेंज ग्रुप के बाद अब NSE पांचवें स्थान पर काबिज हो गया है, जबकि HKEX और नैस्डैक क्रमशः इससे नीचे आ गए हैं।

इस शानदार प्रदर्शन के साथ NSE भारत की नौवीं सबसे बड़ी सूचीबद्ध कंपनी भी बन गया है। खुदरा निवेशकों की बढ़ती भागीदारी, डेरिवेटिव्स सेगमेंट में मजबूत हिस्सेदारी और नई कंपनियों की सूचीबद्धता ने भारतीय पूंजी बाजार को वैश्विक मंच पर नई मजबूती दी है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यह उपलब्धि अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के बीच भारतीय वित्तीय संस्थानों के बढ़ते भरोसे को दर्शाती है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *