यमुनानगर। हरियाणा के प्रसिद्ध धार्मिक एवं ऐतिहासिक कपाल मोचन मेले का शुभारंभ 20 नवंबर को साधु-संतों के शाही स्नान और पंचभीखी स्नान के साथ होगा।
यमुनानगर जिले के व्यासपुर स्थित कपाल मोचन तीर्थ में आयोजित होने वाले इस अंतरराज्यीय मेले में हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड सहित कई राज्यों से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
मेले को लेकर जिला प्रशासन और धार्मिक संगठनों की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
परंपरा के अनुसार मेले की शुरुआत साधु-संतों की शाही यात्रा और पवित्र स्नान से होगी।
विभिन्न संप्रदायों के संत-महात्मा शोभायात्रा के साथ कपाल मोचन तीर्थ पहुंचेंगे। इसके बाद कपाल मोचन सरोवर, ऋणमोचन सरोवर और सूरजकुंड में स्नान किया जाएगा। श्रद्धालु इन पवित्र सरोवरों में आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना करेंगे और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेंगे।
इस बार मेले का आयोजन 20 से 24 नवंबर तक किया जाएगा। मेले में धार्मिक कार्यक्रमों के साथ सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित होंगी। राज्य सरकार द्वारा गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव को राज्य स्तरीय कार्यक्रम के रूप में मनाने के निर्णय के तहत सिख गुरुओं के इतिहास, जीवन और शिक्षाओं पर आधारित विशेष आधुनिक प्रदर्शनी लगाई जा रही है। इसका उद्देश्य युवाओं को सिख इतिहास और धार्मिक विरासत से परिचित करवाना है।
प्रदर्शनी में ऐतिहासिक घटनाओं, गुरुओं के जीवन और उनके संदेशों को आधुनिक तकनीक एवं दृश्य माध्यमों से प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजन भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, चिकित्सा, सफाई, सुरक्षा, बिजली और यातायात व्यवस्था के विशेष प्रबंध किए हैं। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए पुलिस बल और अन्य विभागों की टीमें तैनात रहेंगी।
कपाल मोचन मेला धार्मिक आस्था, सांप्रदायिक सौहार्द और ऐतिहासिक परंपराओं का प्रतीक माना जाता है। हर वर्ष कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाले इस मेले में लाखों श्रद्धालु पहुंचकर पवित्र सरोवरों में स्नान करते हैं।




