फतेहाबाद। हरियाणा के फतेहाबाद शहर स्थित बीघड़ रोड की धूड़िया वाली गली में बुधवार शाम घरेलू विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया।
पारिवारिक कलह के चलते एक महिला और उसके जेठ के बीच सड़क पर ही जमकर हाथापाई हुई।
हैरानी की बात यह रही कि यह पूरा घटनाक्रम मौके पर मौजूद डायल-112 के पुलिसकर्मियों के सामने हुआ।
इस हाई-वोल्टेज ड्रामे का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मी दोनों पक्षों को शांत कराने और बीच-बचाव करने की मशक्कत करते नजर आ रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, फतेहाबाद के शिव नगर की रहने वाली दीक्षा की शादी करीब चार साल पहले धूड़िया वाली गली निवासी कपिल के साथ हुई थी।
शादी के शुरुआती तीन साल तक सब कुछ सामान्य रहा और दंपति की एक बेटी भी हुई। हालांकि, पिछले करीब दो वर्षों से पति-पत्नी के बीच अनबन चल रही है।
मामला इतना बढ़ गया कि पिछले एक साल से दोनों के बीच तलाक और घरेलू विवाद का केस अदालत में विचाराधीन है।
दीक्षा का आरोप है कि उसका पति कपिल तलाक लेना चाहता है, जबकि वह अपनी बेटी के भविष्य के लिए घर बसाने को तैयार है।
फिलहाल दीक्षा अपनी बेटी के साथ ससुराल पक्ष के ही एक अलग मकान में रह रही है, जबकि उसके पति, सास और जेठ दूसरे मकान में रहते हैं।
कोर्ट से लौटने पर टूटा मिला ताला
बुधवार को दीक्षा अपने केस की सुनवाई के सिलसिले में अदालत गई हुई थी।
उसका आरोप है कि जब वह शाम को वापस अपने मकान पर लौटी, तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था और उसकी सास घर के अंदर मौजूद थीं।
दीक्षा के मुताबिक, उसकी सास ने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया और काफी देर तक आवाज देने के बावजूद गेट नहीं खोला। इससे आक्रोशित होकर दीक्षा ने तुरंत डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के सामने हुई हाथापाई, पार्षद ने संभाली स्थिति
सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची।
इसी बीच दीक्षा का जेठ नमित भी घर से बाहर आ गया।
देखते ही देखते दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई।
वायरल वीडियो में महिला गुस्से में अपने जेठ को खरी-खोटी सुनाते हुए कहती दिख रही है कि ‘तुझे शर्म नहीं आई’ और वह अपने पति के अपनी भाभी के साथ रहने को लेकर भी गंभीर आरोप लगाते हुए जवाब मांग रही है। सड़क पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा, जिसे देखने के लिए मोहल्ले के लोग जमा हो गए। स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय पार्षद राजू तूड़ेवाला भी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने मोहल्ले के गणमान्य लोगों की मदद से महिला को समझा-बुझाकर घर के अंदर बुलाया और दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर मामला शांत करवाया।
पुलिस का पक्ष
इस मामले में पुलिस प्रवक्ता विनोद कुमार ने बताया कि डायल-112 पर मिली शिकायत के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को अपना पक्ष रखने के लिए थाने बुलाया है।
फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है और न ही कोई पक्ष थाने पहुंचा है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।




