रेवाड़ी। हरियाणा और राजस्थान के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। रेवाड़ी से जयपुर तक नीमराणा, बहरोड़, कोटपुतली और शाहपुरा होते हुए नई रेल लाइन बिछाने की परियोजना को लेकर लोकेशन सर्वे का काम शुरू हो गया है।
प्रस्तावित रेल मार्ग से दिल्ली-एनसीआर और राजस्थान के बीच रेल यात्रा अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है।
इस परियोजना से यात्रियों के समय की बचत होने के साथ-साथ औद्योगिक क्षेत्रों को भी बड़ा लाभ मिल सकता है।
प्रस्तावित रेल लाइन करीब 191 किलोमीटर लंबी होगी। रेलवे की योजना के अनुसार, रेवाड़ी से शुरू होकर यह रेल मार्ग राजस्थान के विभिन्न औद्योगिक और प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ते हुए जयपुर तक पहुंचेगा। नीमराणा, बहरोड़, कोटपुतली और शाहपुरा जैसे क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की संभावना है।
परियोजना के लिए सर्वे पूरा होने के बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी।
इसके आधार पर रेल लाइन की वास्तविक लागत, जमीन की जरूरत और निर्माण से संबंधित योजनाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा। परियोजना के लिए हरियाणा और राजस्थान सरकारों से भी सहयोग मांगा गया है।
बताया जा रहा है कि रेल लाइन के लिए रेवाड़ी क्षेत्र के 34 से अधिक गांवों की जमीन प्रभावित हो सकती है।
भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ने पर संबंधित किसानों को नियमानुसार मुआवजा देने की व्यवस्था की जाएगी।
नई रेल लाइन बनने से मौजूदा रेल मार्ग पर ट्रेनों का दबाव कम होने की उम्मीद है। यात्री ट्रेनों के साथ मालगाड़ियों का संचालन भी अधिक सुगम हो सकेगा।
इससे दिल्ली और जयपुर के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को करीब एक घंटे तक समय की बचत होने की संभावना जताई जा रही है।
नीमराणा और कोटपुतली जैसे औद्योगिक क्षेत्रों को रेल सुविधा मिलने से माल परिवहन की लागत कम हो सकती है। इससे व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।




