भुवनेश्वर: बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘अकवन’ (Cyclone Akvan) शुक्रवार सुबह ओडिशा के गोपालपुर के पास दक्षिणी ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तट को पार कर गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, लैंडफॉल की प्रक्रिया सुबह करीब 7:30 से 8:30 बजे के बीच शुरू हुई और पूर्वाह्न 11:20 बजे पूरी हुई।
तट से टकराने के समय हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा थी, जो झोंकों के साथ 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। जमीन से टकराने के बाद यह तूफान कमजोर होकर गहरे दबाव (Deep Depression) के क्षेत्र में तब्दील हो गया है।
चक्रवात के प्रभाव से दक्षिणी ओडिशा के कई जिलों में मूसलाधार बारिश हुई। गंजाम जिले के पात्रापुर में सर्वाधिक 209 मिलीमीटर, हिंजिली में 207 मिमी और गोपालपुर में 190 मिमी बारिश दर्ज की गई।
प्रशासन की त्वरित मुस्तैदी के चलते किसी बड़े जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। राज्य की मुख्य सचिव अनु गर्ग और आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने बताया कि एहतियात के तौर पर करीब 3.72 लाख लोगों को सुरक्षित चक्रवात आश्रय स्थलों में पहुंचाया गया और राहत एवं बचाव के लिए 423 विशेष टीमें तैनात की गईं।
दूसरी ओर, तूफान से उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए ओडिशा विधानसभा की कार्यवाही 23 नवंबर की सुबह 10:30 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने सर्वदलीय बैठक के बाद यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ दल और विपक्ष दोनों इस बात पर सहमत हुए कि विधायकों को अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में जाकर चक्रवात और भारी बारिश से प्रभावित जनता की सहायता करनी चाहिए। शुक्रवार और शनिवार को सदन स्थगित रहने तथा रविवार के अवकाश के कारण विधायकों को राहत कार्यों में सहयोग करने के लिए पूरा समय मिल सकेगा।




