प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शनिवार, 21 नवंबर को बिहार के वैशाली जिले के दौरे पर आ रहे हैं, जहाँ वे राज्य को करीब ₹34,470 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे।
तय कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री दोपहर करीब 1:15 बजे नवनिर्मित नीतीश सेतु का जायजा लेंगे और लगभग 2 बजे विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करने के साथ एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
इस दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण गंगा नदी पर बने 6-लेन एक्स्ट्राडोज्ड केबल-स्टेड पुल ‘नीतीश सेतु’ का लोकार्पण है।
करीब ₹4,280 करोड़ की लागत से तैयार 19.7 किलोमीटर लंबी यह परियोजना पटना के कच्ची दरगाह (एनएच-22) को वैशाली के बिदुपुर (एनएच-322) से जोड़ती है, जिसमें 9.7 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और 10 किलोमीटर की संपर्क सड़कें शामिल हैं।
इसके शुरू होने से महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर वाहनों का दबाव कम होगा तथा उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन बेहद सुगम हो जाएगा। विशेष रूप से राघोपुर दियारा के निवासियों को पटना तक शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार की सीधी सुविधा मिल सकेगी।
प्रधानमंत्री इस अवसर पर ₹15,600 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इनमें औरंगाबाद-चोरदाहा (एनएच-19), चोरमा-बैरगनिया (एनएच-227एफ) और उमगांव-सहरसा (एनएच-327) सड़क परियोजनाएं, 1,320 मेगावाट की बक्सर ताप विद्युत परियोजना की 660 मेगावाट की दूसरी इकाई, नवादा के फुलवरिया बांध पर फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट, ₹1,130 करोड़ से अधिक के बिजली वितरण सुधार कार्य और कहलगांव सीवरेज योजना शामिल हैं।
इसके साथ ही वे करीब ₹14,450 करोड़ की नई योजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इनमें ₹3,800 करोड़ से अधिक की साहेबगंज-अरेराज-बेतिया (एनएच-139डब्ल्यू) चार लेन सड़क, ₹3,350 करोड़ की पीरपैंती सुपर थर्मल पावर निकासी परियोजना, आईआईटी पटना का रिसर्च पार्क व छात्रावास तथा बेगूसराय, पूर्णिया, हाजीपुर, मोतिहारी और बोधगया समेत कई शहरों की जलापूर्ति व सीवरेज योजनाएं प्रमुख हैं। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री 100 पीएम-ई-बसों को हरी झंडी दिखाएंगे और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 26,900 से अधिक लाभार्थियों के गृह प्रवेश का भी हिस्सा बनेंगे।




