गुरुग्राम के रिहायशी इलाकों में अवैध व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ जिला नगर योजनाकार प्रवर्तन विभाग (डीटीपीई) ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है।
विभाग की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में डीएलएफ फेज-2 क्षेत्र में नियमों को ताक पर रखकर चलाए जा रहे 11 क्लीनिकों और निजी दफ्तरों को सील कर दिया।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य अवैध व्यावसायिक संचालकों में हड़कंप मच गया है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इन संपत्ति मालिकों को पहले ही नोटिस जारी कर रिहायशी परिसरों में व्यावसायिक इस्तेमाल बंद करने की चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी जारी रहने पर प्रवर्तन दल ने मौके पर पहुंचकर सीलिंग की प्रक्रिया पूरी की। बोगनविलिया मार्ग, आकाशनीम मार्ग और जे-1 ब्लॉक सहित कई स्थानों पर बेसमेंट से लेकर ऊपरी मंजिलों तक चल रहे क्लीनिक, प्रॉपर्टी कंसल्टेंसी और अन्य दफ्तरों पर कार्रवाई की गई।
हरियाणा के रिहायशी जोनिंग नियमों के तहत घरों में केवल सीमित दायरे में ही गैर-व्यावसायिक पेशेवर परामर्श की अनुमति होती है, जबकि बेसमेंट और स्टिल्ट पार्किंग में दफ्तर चलाना पूरी तरह प्रतिबंधित है । रिहायशी कॉलोनियों में बिना अनुमति चलने वाले क्लीनिक, दफ्तर और गेस्ट हाउस न केवल क्षेत्र की मूल योजना को प्रभावित करते हैं, बल्कि पार्किंग व्यवस्था और स्थानीय बुनियादी ढांचे पर भी अतिरिक्त दबाव डालते हैं |
डीटीपीई अमित मधोलिया के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्वीकृत बिल्डिंग प्लान और भूमि उपयोग संबंधी नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा । अधिकारियों ने संपत्ति मालिकों और किरायेदारों को सख्त हिदायत दी है कि वे स्वतः ही अवैध व्यावसायिक गतिविधियां बंद कर दें, अन्यथा आने वाले दिनों में भी इसी तरह की सीलिंग कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




