पंचकूला। 5वें एशियन पैरा गेम्स, आइची-नागोया (जापान) में तीन कांस्य पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले पैरा तैराक हिमांशु नांदल ने आज पुलिस मुख्यालय, पंचकूला में हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) श्री अजय सिंघल से शिष्टाचार भेंट की।
इस विशेष अवसर पर हिमांशु के साथ उनके पिता, हरियाणा पुलिस में कार्यरत एएसआई श्री बलवान नांदल, तथा माता श्रीमती कविता नांदल भी मौजूद रहीं।
मुलाकात के दौरान डीजीपी श्री अजय सिंघल ने हिमांशु को उनकी इस ऐतिहासिक और शानदार खेल उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर तीन पदक जीतकर हिमांशु ने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे हरियाणा और देश का गौरव बढ़ाया है।
डीजीपी ने हिमांशु का उत्साहवर्धन करते हुए उम्मीद जताई कि वे भविष्य में भी अपनी कड़ी मेहनत और लगन के दम पर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।
डीजीपी ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि हरियाणा पुलिस को हिमांशु की इन उपलब्धियों पर अत्यंत गर्व है।
चूंकि उनके पिता श्री बलवान नांदल स्वयं पुलिस विभाग में एएसआई के पद पर सेवाएं दे रहे हैं, इसलिए यह उपलब्धि पूरे पुलिस परिवार के लिए भी एक गौरवपूर्ण और प्रेरणादायक क्षण है।
उन्होंने हिमांशु के माता-पिता को भी इस सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं और बेटे के प्रशिक्षण में उनके सहयोग की सराहना की।
इस अवसर पर डीजीपी श्री अजय सिंघल ने हिमांशु के उज्ज्वल भविष्य और खेल करियर में निरंतर सफलता की कामना की।
हिमांशु की यह उपलब्धि राज्य के अन्य युवाओं और पैरा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनकर उभरी है, जो यह दर्शाती है कि दृढ़ संकल्प और परिवार के सहयोग से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। मुलाकात के अंत में डीजीपी ने हिमांशु को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।




