सिरसा दौरे पर CM नायब सिंह सैनी, इधर खून से पत्र लेकर निकले कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया हिरासत में लिए गए

उखड़ती सड़क के वीडियो से शुरू हुआ विवाद, खून से लिखे पत्र और हिरासत तक पहुंचा सिरसा का सियासी पारा

हरियाणा के सिरसा में रविवार सुबह राजनीतिक तनाव उस समय बढ़ गया जब कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया अपने खून से लिखा पत्र लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को सौंपने जा रहे थे। पुलिस ने सुबह करीब 11:30 बजे भगत सिंह चौक के पास उन्हें हिरासत में ले लिया।

हिरासत की कार्रवाई के दौरान पुलिस और विधायक के समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। पुलिस पहले गोकुल सेतिया को सिटी थाने ले गई, लेकिन इसके बाद से उनकी मौजूदा स्थिति को लेकर प्रशासन या पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। सिटी थाना प्रभारी रमित कुमार ने कहा कि विधायक मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में खाली कागज या सामान्य स्याही से लिखा पत्र लेकर जा सकते हैं।

शनिवार को ही सेतिया ने ऐलान किया था कि वे रविवार सुबह 9 बजे शहीद भगत सिंह चौक पर बैठकर अपने खून से मुख्यमंत्री के नाम पत्र लिखेंगे। उनका कहना था कि सिरसा खून के आंसू रो रहा है, लेकिन सरकार को शहर की बदहाली दिखाई नहीं दे रही।
यह विरोध ऐसे समय में सामने आया है जब सेतिया ने शुक्रवार को एक वीडियो साझा कर सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे, जिसमें सड़क की परत हाथ से उखड़ती दिख रही थी। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को सिरसा दौरे पर हैं और उन्होंने कालांवाली में आयोजित मैराथन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। जब उनसे गोकुल सेतिया के खून से पत्र लिखने के घटनाक्रम पर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि वे सिरसा पहुंचकर इस विषय पर बात करेंगे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *