सिरसा में विकास कार्यों को लेकर विधायक गोकुल सेतिया और सीएम नायब सैनी के बीच नाराजगी की वजह आई सामने
सिरसा में विकास कार्यों को लेकर विधायक गोकुल सेतिया और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के बीच नाराजगी की वजह सामने आई है। करीब पांच महीने पहले विधायक गोकुल सेतिया ने मुख्यमंत्री को सिरसा विधानसभा क्षेत्र के 6 से 7 विकास कार्यों से जुड़ी फाइल सौंपी थी। आरोप है कि अब तक इनमें से एक भी काम शुरू नहीं हो पाया है। इसी बात को लेकर विधायक अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, गोकुल सेतिया ने यह फाइल मुख्यमंत्री को शिकायत निवारण समिति (ग्रीवेंस मीटिंग) की बैठक के बाद सौंपी थी। उस समय मुख्यमंत्री ने फाइल अपने पीए को दे दी थी, लेकिन करीब पांच महीने बीतने के बाद भी किसी काम पर कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री की अगली ग्रीवेंस मीटिंग में विधायक शामिल नहीं हुए।अब 22 नवंबर को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी फिर सिरसा में ग्रीवेंस मीटिंग लेने पहुंचेंगे। इससे पहले गोकुल सेतिया शहर की टूटी सड़कों, सीवरेज व्यवस्था, पार्किंग और सड़क निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल जैसे मुद्दे उठा रहे हैं। वह मौके पर पहुंचकर लाइव वीडियो के जरिए प्रशासन और सरकार को समस्याओं के समाधान की चेतावनी भी दे रहे हैं।
विधायक गोकुल सेतिया का कहना है कि मुख्यमंत्री को सौंपी गई फाइल में शामिल एक भी काम पूरा नहीं हुआ है। अधिकारी भी काम करने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं।
गोपाल कांडा ने भी उठाए विकास कार्यों के मुद्देदूसरी ओर, पूर्व मंत्री गोपाल कांडा ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर सिरसा के विकास कार्यों में तेजी लाने की मांग की। उन्होंने स्टॉर्म वाटर प्रोजेक्ट, गलियों और सड़कों के निर्माण, पेयजल तथा सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करने का मुद्दा उठाया। कांडा ने कम रेट पर टेंडर देने के बजाय पूरे एस्टीमेट के अनुसार काम करवाने की मांग रखी।
चुनाव के बाद से बढ़ा राजनीतिक टकराव
साल 2024 के विधानसभा चुनाव में गोकुल सेतिया और गोपाल कांडा के बीच कड़ा मुकाबला हुआ था। चुनाव में गोकुल सेतिया को 79,020 वोट मिले, जबकि गोपाल कांडा को 71,786 वोट मिले। सेतिया ने 7,234 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी। साल 2019 के चुनाव से ही दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक बयानबाजी जारी है।
हालांकि, गोकुल सेतिया कई बार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की तारीफ भी कर चुके हैं। अब 22 नवंबर की ग्रीवेंस मीटिंग में सिरसा के विकास कार्यों को लेकर क्या फैसला होता है, इस पर सभी की नजरें रहेंगी।




