रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की अवैध खरीद-फरोख्त से जुड़े एक बड़े अंतरराज्यीय रैकेट का खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि एक निजी अस्पताल में वर्ष 2026 के दौरान केवल तीन प्रसव दर्ज होने के बावजूद 26 जन्म प्रमाण पत्रों से जुड़े दस्तावेज तैयार किए गए। मामले में पुलिस ने अस्पताल संचालक और स्टाफ सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है तथा आगे की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) भी गठित किया गया है।
पुलिस के अनुसार यह मामला तब सामने आया जब एक गर्भवती महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि उसे मुफ्त इलाज और प्रसव का झांसा देकर रायपुर लाया गया और बच्चे के जन्म के बाद नवजात को सौंपने का दबाव बनाया गया। शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पहले तीन महिलाओं को पकड़ा और उनकी निशानदेही पर अस्पताल से जुड़े तीन अन्य आरोपियों को हिरासत में लिया।
जांच में पता चला कि गिरोह के सदस्य जरूरतमंद और असहाय महिलाओं को निशाना बनाते थे और प्रसव के बाद नवजात बच्चों को नि:संतान दंपतियों को सौंपने का सौदा करते थे। दस्तावेजों को वैध दिखाने के लिए अस्पताल की सील लगी फर्जी डिस्चार्ज पर्चियां और जन्म प्रमाण पत्र संबंधी कागजात तैयार किए जाते थे, जिनके आधार पर बच्चों को दूसरे राज्यों में भेजा जाता था। पुलिस ने अस्पताल से ओपीडी रजिस्टर और अन्य मेडिकल रिकॉर्ड जब्त कर लिए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आर्थिक लेनदेन, बैंक खातों और नगर निगम से जुड़े रिकॉर्ड की गहन पड़ताल की जा रही है। साथ ही दूसरे राज्यों में भेजे गए बच्चों का पता लगाने और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित अस्पतालों व बिचौलियों की भूमिका की जांच भी जारी है।




