ज्यादा दूध देने वाली गाय-भैंस पालने वालों की बल्ले-बल्ले, हरियाणा सरकार देगी 51.50 लाख रुपये का नकद इनाम

मिल्क रिकॉर्डिंग स्कीम में हिसार के 225 पशुपालक चयनित, 110 मुर्रा भैंसें और 129 देसी गायें मानकों पर खरी

हिसार/चंडीगढ़। हरियाणा सरकार प्रदेश में पशुपालन को बढ़ावा देने और देशी दुधारू नस्लों के संरक्षण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में पशुपालन एवं डेयरी विभाग की मिल्क रिकॉर्डिंग योजना के तहत मानकों पर खरे उतरने वाले पशुपालकों को कुल 51.50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

इस योजना के अंतर्गत हिसार जिले के 225 प्रगतिशील पशुपालकों का चयन किया गया है, जिन्हें नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

पशुपालन विभाग की टीमों ने जिले के गांव-गांव जाकर पशुओं के दूध देने की वास्तविक क्षमता की जांच की है।

जांच के बाद अब तक कुल 110 मुर्रा भैंसें, 86 हरियाना नस्ल की गायें और 43 साहीवाल नस्ल की गायें योजना के तय मानकों पर खरी उतरी हैं। इस प्रकार 129 देसी गायों और 110 मुर्रा भैंसों के पालकों को इस प्रोत्साहन राशि का लाभ मिलेगा।

योजना के तहत दूध उत्पादन क्षमता के अनुसार अलग-अलग श्रेणी में इनामी राशि तय की गई है। मुर्रा भैंस की श्रेणी में 18 से 22 किलो दूध देने पर 20 हजार रुपये, 22 से 25 किलो पर 30 हजार रुपये और 25 किलो से अधिक दूध देने पर 40 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है।

वहीं, हरियाना और साहीवाल नस्ल की गायों के लिए दूध के मानकों के आधार पर 15 हजार, 20 हजार और 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार निर्धारित किया गया है।

पशुपालन विभाग के एसडीओ सहीराम श्योराण ने बताया कि यह योजना 31 मार्च 2027 तक जारी रहेगी और निर्धारित लक्ष्य से अधिक पात्र पशुपालक मिलने पर उनका भी चयन किया जाएगा।

विभाग द्वारा लाभार्थी पशुपालकों को इस बात के लिए भी पाबंद किया गया है कि वे प्रोत्साहन राशि मिलने के बाद कम से कम एक वर्ष तक इन दुधारू पशुओं को न बेचें, ताकि प्रदेश में उन्नत नस्ल के पशुधन को सहेजा जा सके।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *