भिवानी में अर्जुन चौटाला का भाजपा और कांग्रेस पर हमला, बोले- हुड्डा ने बेच दिया अपना जमीर
भिवानी। इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के रानियां से विधायक अर्जुन चौटाला मंगलवार को भिवानी पहुंचे। यहां महम रोड स्थित बड़े चौक के नजदीक परशुराम धर्मशाला में इनेलो की ओर से जिलास्तरीय युवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा इनेलो के जिला अध्यक्ष संदीप घणघस ने की। इस दौरान अर्जुन चौटाला ने कार्यकर्ताओं और युवाओं को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
अर्जुन चौटाला ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को नियुक्त मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि चुना हुआ मुख्यमंत्री वही होता है, जो जनता के बीच जाकर वादे करे और उन्हें पूरा भी करे। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि हरियाणा में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और पुलिस मीडिया में मामले उजागर होने के बाद ही कार्रवाई करती है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए चौटाला ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर अपना जमीर और कांग्रेस पार्टी बेचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दे उठाने के बजाय आपसी गुटबाजी में उलझी हुई है। उनके अनुसार, जनता ने कांग्रेस को लेकर उम्मीदें बनाई थीं, लेकिन हुड्डा ने पार्टी को ही कमजोर कर दिया। उन्होंने भाजपा सरकार के 12 साल के कार्यकाल पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि प्रदेश में HSVP की जगह भाजपा नेता कॉलोनियां काटने में लगे हैं। सरकार की नीतियों से आम जनता को अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा।
वहीं, युवा इनेलो के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र नफे सिंह राठी ने कहा कि युवाओं को संगठन से जोड़ना और बेरोजगारी सहित रोजगार से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने प्रदेशभर में सदस्यता अभियान चलाकर गांव, वार्ड और बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने की बात कही।
कार्यक्रम में जिला प्रभारी विजय पचगांवा, जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश गौरा, डॉ. वासुदेव शर्मा सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




