सिरसा में दो परिवारों के बीच विवाद, घर पर ईंट-पत्थरों से हमला; तीन घायल
सिरसा। जिले के डबवाली क्षेत्र के गांव पन्नीवाला रूलदू में दो परिवारों के बीच हुआ आपसी विवाद हिंसक रूप ले गया। बुधवार रात एक पक्ष की ओर से दूसरे पक्ष के घर पर ईंट-पत्थरों से हमला करने का आरोप है। इस घटना में तीन लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद सिरसा रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, गांव पन्नीवाला रूलदू में यह विवाद मंगलवार रात से शुरू हुआ था। घायल अमृतपाल ने बताया कि मंगलवार रात अवतार सिंह दीवार फांदकर उनके घर में घुस आया था। इसी दौरान घर में परिजनों की आहट होने पर वह गेट के रास्ते बाहर भाग गया। अमृतपाल और उसके परिजनों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया।
अमृतपाल के मुताबिक, बुधवार को अवतार सिंह तेजधार हथियार लेकर गांव में घूम रहा था। इसी दौरान उसने अवतार सिंह से हथियार छीन लिया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर अवतार सिंह अपने साथियों के साथ अमृतपाल के घर पहुंचा और वहां ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।
इस हमले में अमृतपाल, नेब सिंह और ज्ञानी सिंह घायल हो गए। अमृतपाल की आंख पर पत्थर लगने से चोट आई, जबकि नेब सिंह की छाती पर चोट लगी। ज्ञानी सिंह को भी हमले में चोटें आई हैं।
घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। परिजन घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। अमृतपाल की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए सिरसा रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। मामले में पुलिस की कार्रवाई और जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।




