ऐलनाबाद में कारोबारी की दुकान में घुसे नकाबपोश, 10 लाख रुपये मांगे; डस्टबिन से किया मुकाबला

देवीलाल चौक के पास कारोबारी पर हमला, पूर्व मुनीम पर जताया शक; CCTV खंगाल रही पुलिस

ऐलनाबाद। सिरसा जिले के ऐलनाबाद में देवीलाल चौक के नजदीक सुबह एक कारोबारी पर नकाबपोश युवकों ने हमला कर दिया। राजेश ट्रेडिंग कंपनी की दुकान खुलने के कुछ ही देर बाद हथियार लेकर कुछ युवक दुकान में दाखिल हुए। एक के हाथ में पिस्तौल और दूसरे के हाथ में तलवार थी। आरोपियों ने कारोबारी राजेश कुमार से गल्ला खोलने और 10 लाख रुपये देने की मांग की।

कारोबारी और मुनीम द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने राजेश पर तलवार से हमला कर दिया। इस दौरान राजेश ने हिम्मत दिखाते हुए दुकान में रखा डस्टबिन उठाकर अपना बचाव किया। मुनीम ने भी कारोबारी को बचाने के लिए आरोपियों का सामना किया। काफी देर तक हुई हाथापाई के बाद आरोपी दुकान से मोबाइल फोन और कुछ अन्य सामान लेकर फरार हो गए।

इस घटना में राजेश कुमार के सिर, हाथों और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आईं। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार किया गया।

होश में आने के बाद पुलिस ने कारोबारी से घटना की जानकारी ली। राजेश ने बताया कि वह हमलावरों में से एक को पहचानते हैं। हाथापाई के दौरान एक आरोपी के चेहरे से नकाब हट गया था। उनके अनुसार, वह व्यक्ति पहले दुकान पर मुनीम के तौर पर काम करता था। नशे की आदत के कारण उसे दो-तीन महीने पहले नौकरी से हटा दिया गया था। उसे दुकान के कामकाज और अंदरूनी जानकारी की पूरी जानकारी थी।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास में जुटी है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *