सिरसा की कपास मंडी में ट्रक के नीचे आई बाइक, बाल-बाल बचा युवक; हंगामे के बीच ट्रक के शीशे तोड़े
सिरसा: शहर की कपास मंडी में रात के समय एक ट्रक की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार युवक हादसे का शिकार होते-होते बाल-बाल बच गया।
गनीमत रही कि युवक ने समय रहते खुद को संभाल लिया, जिससे कोई बड़ा जानी नुकसान नहीं हुआ, हालांकि घटना के बाद मौके पर भारी हंगामा हो गया और आक्रोशित लोगों ने ट्रक में तोड़फोड़ कर दी।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
दवाई दिलाने जा रहा था बाइक सवार
पीड़ित बाइक सवार युवक ने बताया कि वह मंडी में काम करता है और घर से बुलावा आने पर अपनी एक साल की बच्ची को दवाई दिलाने के लिए अकेले बाइक पर जा रहा था।
जब वह मंडी परिसर में अपनी बाइक मोड़ने लगा, तभी एक ट्रक चालक ने पहले उसकी बाइक के वाइज़र में टक्कर मारी और फिर वाहन को पीछे कर अचानक तेज़ी से आगे बढ़ाते हुए बाइक पर चढ़ा दिया।
युवक के अनुसार, वह नीचे गिर पड़ा लेकिन फुर्ती दिखाते हुए उसने अपने पैर खींच लिए, जिससे उसकी जान बच गई।
हादसे में उसके पैर में हल्की चोट आई है और बाइक का अगला हिस्सा ट्रक के टायर के नीचे फंस गया था, जिसे बाद में स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
युवक का आरोप है कि घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। उसने मामले में पुलिस कार्रवाई की मांग की है। वहीं, मौके पर मौजूद एक महिला ने भी लापरवाही से वाहन चलाने पर कड़ा रोष जताया।
ट्रक पक्ष का मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप
दूसरी ओर, ट्रक से जुड़े लोगों का कहना है कि हादसे में हुए नुकसान की भरपाई करने के लिए वे तैयार थे, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोगों ने कानून अपने हाथ में ले लिया।
आरोप है कि आक्रोशित लोगों ने ट्रक के आगे और साइड के शीशे तोड़ दिए तथा चालक के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। मौके पर मौजूद एक बुजुर्ग ने बताया कि भीड़ में शामिल लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को और बिगड़ने से बचाया।
मंडी में अव्यवस्था को लेकर प्रशासन से गुहार
घटना के बाद व्यापार मंडल से जुड़े एक प्रतिनिधि ने मंडी की अव्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि मंडी में यातायात और पार्किंग की स्थिति बेहद खराब है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मंडी में बंद पड़े रास्तों को तुरंत खुलवाया जाए। साथ ही उन्होंने किसान यूनियन और किसानों से अपील की कि खाली ट्रॉलियों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा किया जाए,
ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके। उन्होंने बताया कि मंडी में खाली ट्रॉलियों को पार्किंग में लगवाने के लिए जल्द ही अभियान भी चलाया जाएगा।




