हरियाणा में स्वास्थ्य ढांचे को बड़ी सौगात: 106 करोड़ से 100 बेड का होगा नरवाना अस्पताल, 4 नए उप-स्वास्थ्य केंद्रों को भी मंजूरी

जींद, गुरुग्राम और महेंद्रगढ़ में खुलेंगे 4 नए सब-हेल्थ सेंटर, नरवाना सिविल अस्पताल की क्षमता होगी दोगुनी

चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और ग्रामीण चिकित्सा ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने जींद जिले के नरवाना स्थित सिविल अस्पताल को 50 से बढ़ाकर 100 बिस्तरों का करने और राज्य के तीन जिलों में 4 नए उप-स्वास्थ्य केंद्र (सब-हेल्थ सेंटर) बनाने की परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है।

जींद, गुरुग्राम और महेंद्रगढ़ जिलों में बनने वाले इन 4 नए उप-स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण पर लगभग 2 करोड़ 14 लाख 96 हजार रुपये (214.96 लाख रुपये) खर्च किए जाएंगे।

योजना के अनुसार, जींद जिले में मुख्यमंत्री की 19 जुलाई 2025 की घोषणा के तहत बराह कलां में 43.51 लाख रुपये और अनूपगढ़ में 55 लाख रुपये की लागत से दो उप-स्वास्थ्य केंद्र बनेंगे। वहीं, गुरुग्राम जिले के गुडाना में 29 मई 2022 की घोषणा के अंतर्गत 60.95 लाख रुपये तथा महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल क्षेत्र स्थित बेवल में 55.50 लाख रुपये की अनुमानित लागत से उप-स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण प्रस्तावित है।

दूसरी ओर, नरवाना सिविल अस्पताल के अपग्रेडेशन प्रोजेक्ट पर करीब 106.02 करोड़ रुपये (106.0171 करोड़ रुपये) की राशि खर्च होगी। प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने इस निर्णय की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य हर नागरिक को उसके घर के नजदीक ही सुलभ और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

नरवाना अस्पताल में बेड की संख्या दोगुनी होने के साथ-साथ आधुनिक चिकित्सा उपकरण, विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती और आपातकालीन सेवाओं का भी विस्तार किया जाएगा।

इससे न केवल नरवाना शहर, बल्कि आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बड़े शहरों या निजी अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, और जिला मुख्यालय के अस्पतालों पर पड़ने वाला अतिरिक्त दबाव भी कम होगा।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *