ड्राइंग रूम से हाईकोर्ट की सुनवाई में जुड़े चित्रकूट के एसडीएम, भड़की अदालत ने डीएम और एसडीएम दोनों से मांगा जवाब

इलाहाबाद हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी: कार्यालय छोड़कर घर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर पेश हुए एसडीएम, प्रमुख सचिव को जाएगी आदेश की कॉपी

प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने वर्चुअल सुनवाई के दौरान अदालती मर्यादा और शिष्टाचार के उल्लंघन पर कड़ा रुख अपनाया है। चित्रकूट के एसडीएम (न्यायिक) के अपने सरकारी कार्यालय के बजाय घर के ड्राइंग रूम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश होने पर कोर्ट ने गहरी नाराजगी जताई है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अदालत ने एसडीएम और चित्रकूट के जिलाधिकारी (डीएम) दोनों से स्पष्टीकरण तलब किया है।

मामले की सुनवाई कर रहे न्यायमूर्ति सौरभ श्याम शमशेरी ने सवाल किया कि जब अधिकारी को हाईकोर्ट के समक्ष पेश होना था, तो उन्हें घर के ड्राइंग रूम से जुड़ने की अनुमति कैसे दी गई। इस पर एसडीएम ने सफाई दी कि उनके आवास पर इंटरनेट कनेक्टिविटी बेहतर थी और उन्होंने डीएम की अनुमति से ही घर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुनवाई में हिस्सा लिया।

हालांकि, हाईकोर्ट इस तर्क से बिल्कुल संतुष्ट नहीं हुआ। अदालत ने स्पष्ट टिप्पणी करते हुए कहा कि यदि एसडीएम कार्यालय में इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध नहीं थी, तो डीएम उन्हें अपने कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ने की व्यवस्था दे सकते थे। कोर्ट ने इसे प्रशासनिक लापरवाही और अदालती गरिमा के विपरीत माना।

अदालत ने आदेश की एक प्रति पंचायती राज विभाग के प्रमुख सचिव को भेजने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने साफ किया कि यदि एसडीएम का स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया जाता है, तो उनके विरुद्ध विभागीय जांच शुरू करने पर विचार किया जाए। इसके साथ ही हाईकोर्ट ने डीएम को भी सचेत करते हुए कहा कि यह उनकी जिम्मेदारी है कि वे अधीनस्थ अधिकारियों को न्यायालय में व्यक्तिगत या वर्चुअल रूप से पेश होते समय आवश्यक शिष्टाचार और मर्यादा का पालन करने के लिए निर्देशित करें।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *