जगाधरी अनाज मंडी से जिला सचिवालय तक गरजेंगे ट्रैक्टर: गन्ना मूल्य वृद्धि की मांग पर कांग्रेस की बड़ी तैयारी, डीसी को सौंपेंगे ज्ञापन

10 दिन का अल्टीमेटम खत्म, अब सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस: यमुनानगर में 30 नवंबर को विशाल ट्रैक्टर मार्च, सुनील दत्त भी होंगे शामिल

यमुनानगर। हरियाणा में गन्ने के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी की मांग को लेकर कांग्रेस ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के बैनर तले आगामी 30 नवंबर को यमुनानगर जिले के जगाधरी में विशाल ‘किसान ट्रैक्टर यात्रा’ निकाली जाएगी। इस यात्रा का नेतृत्व राज्यसभा सांसद एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला करेंगे, जबकि पार्टी के प्रदेश प्रभारी सुनील दत्त भी विशेष रूप से शामिल होंगे।

पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं सतीश तेजली और रविंद्र बबलू ने इस आंदोलन की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि 30 नवंबर को सुबह 10 बजे जगाधरी अनाज मंडी से ट्रैक्टर यात्रा की शुरुआत होगी। यह काफिला मंडी गेट से निकलकर कन्हैया साहिब चौक, मधु होटल चौक, अग्रसेन चौक और जगाधरी बस स्टैंड सहित शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए जिला सचिवालय पहुंचेगा। वहां उपायुक्त (डीसी) के माध्यम से महामहिम राज्यपाल के नाम एक मांग पत्र सौंपा जाएगा।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि खाद, बीज, डीजल, मजदूरी और सिंचाई की लागत लगातार बढ़ने के बावजूद सरकार गन्ना किसानों को उनकी फसल का उचित भाव देने से बच रही है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले रणदीप सुरजेवाला के नेतृत्व में रादौर एसडीएम कार्यालय पर बड़ा प्रदर्शन कर सरकार को गन्ने के दाम बढ़ाने के लिए 10 दिन का अल्टीमेटम दिया गया था।

पार्टी का कहना है कि निर्धारित समय बीतने के बाद भी सरकार ने किसानों की मांग पर कोई ठोस फैसला नहीं लिया। इसी वादाखिलाफी के विरोध में अब ट्रैक्टर यात्रा निकालकर सरकार को जगाने का निर्णय लिया गया है। आयोजन को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *