सिवानी की बेटी ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, साक्षी शर्मा बनीं इसरो में वैज्ञानिक

बड़वा गांव की बेटी ने भरी अंतरिक्ष की उड़ान, इसरो में वैज्ञानिक पद पर हुआ चयन

सिवानीमंडी। खंड के गांव बड़वा की बेटी साक्षी शर्मा ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

साक्षी का चयन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) में वैज्ञानिक पद पर हुआ है। उनकी इस सफलता से गांव, परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

 

साक्षी ने अपनी पढ़ाई के दौरान ही प्रतिभा का परिचय देते हुए जेईई मेन्स और जेईई एडवांस दोनों परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन किया था।

इन परीक्षाओं में बेहतर स्थान हासिल करने के बाद उन्होंने उच्च शिक्षा के लिए केरल के तिरुवनंतपुरम का रुख किया। यहां पढ़ाई के दौरान उन्होंने अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार मेहनत जारी रखी। आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और उनका चयन देश के प्रतिष्ठित अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान इसरो में वैज्ञानिक पद के लिए हो गया। चयन की सूचना मिलने के बाद इसरो की ओर से उन्हें नियुक्ति पत्र भेजकर बधाई भी दी गई है।

साक्षी शर्मा गांव बड़वा निवासी मामराज शर्मा की बेटी हैं। वह विद्वान पंडित स्वर्गीय सुवालाल की पोती हैं।

 

उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों में विशेष उत्साह है। ग्रामीणों ने भी साक्षी और उनके परिवार को बधाई देते हुए इसे पूरे गांव के लिए गौरव का क्षण बताया।

ग्रामीणों का कहना है कि साक्षी ने साबित कर दिया है कि मजबूत इच्छाशक्ति, सही दिशा और निरंतर मेहनत से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।

उनकी सफलता से क्षेत्र की दूसरी बेटियों और युवाओं को भी शिक्षा के प्रति प्रेरित होने तथा बड़े सपने देखने की सीख मिलेगी। ग्रामीणों ने साक्षी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आगे भी देश का नाम रोशन करेंगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *