पंचकूला में CBI का बड़ा एक्शन: 10 लाख की रिश्वत लेते CGST सुपरिंटेंडेंट रंगे हाथों गिरफ्तार

25 लाख में हुई थी डील, पहली किस्त लेते ही धरा गया CGST अधिकारी; पंचकूला में CBI का शिकंजा

पंचकूला: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा के पंचकूला में तैनात केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) के सुपरिंटेंडेंट लवकुश कुमार को 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

सीबीआई की टीम ने यह कार्रवाई गुरुवार को पंचकूला में जाल बिछाकर की और आरोपी अधिकारी के कब्जे से रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली।

सीबीआई को यह शिकायत एक निजी फर्म के साझेदार की ओर से मिली थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उनकी फर्म के खिलाफ चल रही जीएसटी कार्यवाही में अनुचित लाभ पहुंचाने, भारी जुर्माना न लगाने और आगे कोई डिमांड नोटिस जारी न करने के बदले आरोपी सुपरिंटेंडेंट ने शुरुआत में 50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।

बातचीत के दौरान यह मांग घटाकर 20 लाख रुपये कर दी गई, जिसमें 10 लाख रुपये पहली किस्त के रूप में दिए जाने थे।
शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले का प्राथमिक सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी अधिकारी ने रिश्वत की कुल मांग बढ़ाकर 25 लाख रुपये कर दी थी और पहली किस्त के तौर पर 10 लाख रुपये स्वीकार करने पर सहमत हुआ था।

आरोपों की पुष्टि होने के बाद सीबीआई ने पंचकूला में ट्रैप की योजना बनाई। तय समय के अनुसार जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी अधिकारी को पहली किस्त के 10 लाख रुपये सौंपे, पहले से मुस्तैद सीबीआई की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। एजेंसी ने आरोपी को हिरासत में लेकर भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले की गहन जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस प्रकरण में विभाग के अन्य लोगों की भी कोई भूमिका है या नहीं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *