गुरुग्राम एयर फोर्स स्टेशन में पूर्व सैनिकों के लिए रोजगार मेला, कॉर्पोरेट सेक्टर में मिलेगा सुनहरा अवसर

पूर्व सैनिकों के पुनर्वास की बड़ी पहल, 20 नवंबर को गुरुग्राम में जुटेंगी देश की नामी कंपनियां

गुरुग्राम: भारतीय सशस्त्र बलों से सेवानिवृत्त हुए जवानों और अधिकारियों को नागरिक क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए रक्षा मंत्रालय के पूर्व सैनिक कल्याण विभाग के अंतर्गत पुनर्वास महानिदेशालय (DGR) द्वारा 20 नवंबर को गुरुग्राम में पूर्व सैनिक रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है।

यह विशेष रोजगार मेला सुबह 7:00 बजे से गुरुग्राम स्थित 54 एएसपी, एयर फोर्स स्टेशन (शहीद अतुल अटारी मार्ग के पास) में शुरू होगा।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य भारतीय थलसेना, नौसेना और वायुसेना के पूर्व सैनिकों को कॉर्पोरेट जगत और विभिन्न उद्योगों के प्रमुख नियोक्ताओं के साथ एक साझा मंच पर लाना है।

मेले में सुरक्षा, आईटी, प्रशासन, लॉजिस्टिक्स, स्वास्थ्य सेवा और इंजीनियरिंग सहित कई प्रमुख क्षेत्रों की कंपनियां हिस्सा ले रही हैं। इससे जहां पूर्व सैनिकों को अपनी तकनीकी दक्षता, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा, वहीं कंपनियों को भी अनुभवी और भरोसेमंद पेशेवर आसानी से मिल सकेंगे।

रोजगार मेले में शामिल होने के लिए पंजीकरण प्रक्रिया पूर्व सैनिकों और नियोक्ताओं, दोनों के लिए पूरी तरह निःशुल्क रखी गई है। इच्छुक पूर्व सैनिक और कंपनियां विशेष रूप से पूर्व सैनिकों के लिए तैयार किए गए एआई-आधारित रोजगार मंच esmhire.com या डीजीआर की आधिकारिक वेबसाइट dgrindia.gov.in के ‘जॉब फेयर’ सेक्शन के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। मेले के दौरान नियोक्ता पंजीकृत पूर्व सैनिकों के बायोडाटा देखकर उपयुक्त उम्मीदवारों का साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया भी पूरी कर सकेंगे।

गौरतलब है कि वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान पुनर्वास महानिदेशालय देश भर में इस तरह के कुल 18 रोजगार मेलों का आयोजन कर रहा है, ताकि सेवानिवृत्ति के बाद पूर्व सैनिकों का नागरिक कार्यबल में सहज पुनर्वास सुनिश्चित किया जा सके। गुरुग्राम में आयोजित यह मेला दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा क्षेत्र के हजारों पूर्व सैनिकों के लिए करियर की नई शुरुआत का महत्वपूर्ण माध्यम साबित होगा।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *