मछलीशहर (जौनपुर)। समाजवादी विचारधारा के प्रेरणास्रोत और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती के अवसर पर मछलीशहर विधानसभा क्षेत्र में जनसेवा से जुड़ी एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पहल की शुरुआत की गई है। नेताजी के विचारों को समर्पित करते हुए क्षेत्र में ‘वीरांगना फूलन देवी आई हॉस्पिटल, मछलीशहर’ का शुभारंभ किया गया, जिससे स्थानीय नागरिकों को आंखों के इलाज के लिए बड़ी सुविधा मिलेगी।
आयोजकों ने बताया कि इस नेत्र चिकित्सालय की स्थापना को साकार करने में राज्यसभा सांसद जया बच्चन का विशेष सहयोग, स्नेह और मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है। उनके सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि यह अस्पताल विशेष रूप से ग्रामीण अंचल के गरीब, असहाय और जरूरतमंद मरीजों को सुलभ एवं बेहतर नेत्र चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।
अभी तक आंखों की गंभीर बीमारियों या मोतियाबिंद जैसे उपचार के लिए क्षेत्र के लोगों को जिला मुख्यालय या बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती थी। अब मछलीशहर में ही यह सुविधा उपलब्ध होने से आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार, अस्पताल का भव्य औपचारिक उद्घाटन आगामी दिसंबर माह में प्रस्तावित है। आयोजकों ने संकल्प दोहराया कि मछलीशहर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। कार्यक्रम के दौरान मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए जनसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई गई।




