सिरसा की पुरुष और महिला वॉलीबॉल टीमों के चयन के लिए 25 नवंबर को होंगे ट्रायल
सिरसा जिले की पुरुष एवं महिला वॉलीबॉल टीमों के चयन के लिए 25 नवंबर को ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। 46वीं सीनियर स्टेट वॉलीबॉल चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए ये ट्रायल शहीद भगत सिंह स्टेडियम में दोपहर 2 बजे शुरू होंगे।
ट्रायल में चयनित खिलाड़ी 27 से 29 नवंबर तक सोनीपत के रेवाड़ा में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सिरसा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन सिरसा के महासचिव मुकेश कासनिया ने बताया कि हर साल ट्रायल में करीब 350 लड़के और लड़कियां हिस्सा लेते हैं। पिछले कुछ वर्षों में युवा खिलाड़ियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। इस बार भी जिले की टीमों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। उन्होंने इच्छुक और योग्य खिलाड़ियों से खेल किट के साथ निर्धारित समय पर स्टेडियम पहुंचने की अपील की है।
पिछली चैंपियनशिप में दोनों टीमों ने जीता था गोल्ड
मुकेश कासनिया ने बताया कि 45वीं सीनियर स्टेट वॉलीबॉल चैंपियनशिप में सिरसा की पुरुष और महिला दोनों टीमों ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया था। दोनों वर्गों में पहली बार स्टेट चैंपियन बनने की यह उपलब्धि जिले के लिए रिकॉर्ड रही। इस जीत से जिले में वॉलीबॉल खेल को नई पहचान मिली और युवा खिलाड़ियों का उत्साह भी बढ़ा।
गोल्ड मेडल जीतने पर हर साल मिलेगी 42 हजार रुपये की छात्रवृत्ति
महासचिव ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को खेल विभाग के प्रमाण-पत्र के आधार पर हर साल 42 हजार रुपये की छात्रवृत्ति मिलती है। इसके अलावा हरियाणा में ग्रुप-डी की सरकारी भर्तियों में खेल कोटे के तहत नौकरी पाने का अवसर भी मिलता है।
उन्होंने गांवों, स्कूलों, कॉलेजों, वॉलीबॉल क्लबों और पंजीकृत अकादमियों के खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में ट्रायल में हिस्सा लेने की अपील की, ताकि जिले की सर्वश्रेष्ठ पुरुष एवं महिला टीमों का चयन किया जा सके।




