नाबालिग बच्चियों के भविष्य की रक्षा, सिरसा प्रशासन और टीम ने चार बाल विवाह रुकवाए

सिरसा जिले में बाल विवाह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 11 से 15 साल की चार बच्चियां बचाईं

सिरसा। जिले में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से खत्म करने के उद्देश्य से प्रशासन, पुलिस और सामाजिक संगठनों की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार बाल विवाह रुकवा दिए हैं। यह कार्रवाई सिरसा जिले के संतनगर और फग्गू गांवों में की गई, जहां 11 से 15 वर्ष आयु वर्ग की चार नाबालिग बच्चियों का विवाह कराए जाने की सूचना मिली थी।

जानकारी के अनुसार, संबंधित विभागों और ‘सेल्फी विद डॉटर’ फाउंडेशन को गुप्त सूचना मिली थी कि दोनों गांवों में कम उम्र की बच्चियों की शादी की तैयारियां चल रही हैं। सूचना की पुष्टि होते ही प्रशासनिक अधिकारियों, स्थानीय पुलिस और टीम के सदस्यों ने बिना देरी किए संतनगर तथा फग्गू गांवों का रुख किया। टीम के समय रहते मौके पर पहुंचने से शादी की रस्मों को वहीं रोक दिया गया और एक संभावित कानूनी उल्लंघन टल गया।

कार्रवाई के दौरान संबंधित परिवारों के सदस्यों को बाल विवाह निषेध अधिनियम के प्रावधानों और इसके कानूनी परिणामों के बारे में स्पष्ट रूप से अवगत कराया गया। अधिकारियों ने परिजनों को समझाया कि कम उम्र में विवाह करने से बच्चियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उनकी पढ़ाई और उज्ज्वल भविष्य पर गंभीर असर पड़ता है।

इसके साथ ही विवाह आयोजकों और परिवारों से भविष्य में ऐसी किसी भी गतिविधि में शामिल न होने को लेकर आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया व समझाइश भी पूरी की गई।
स्थानीय प्रशासन और टीम ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी बाल विवाह की कोई सूचना मिले, तो तुरंत प्रशासन या हेल्पलाइन नंबर पर सूचित करें ताकि हर बच्चे को सुरक्षित बचपन और शिक्षा का अधिकार मिल सके। इस संयुक्त कदम को जिले में बाल संरक्षण की दिशा में एक अहम पहल के रूप में देखा जा रहा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *