जिले में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार और अनियमितताओं की शिकायतों को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कड़ा रुख अपनाया है। सिरसा के पंचायत भवन में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने शहरी स्थानीय निकाय विभाग के तीन अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। इनमें कार्यकारी अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी शामिल हैं, जिन पर विकास परियोजनाओं में लापरवाही बरतने का आरोप सामने आया था।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के समक्ष कुल 15 शिकायतें रखी गईं, जिनमें से 13 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष दो मामलों में विस्तृत जांच के आदेश देकर अगली बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। सीएम सैनी ने स्पष्ट संदेश दिया कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ठेकेदारों के साथ-साथ संबंधित अधिकारियों की भी जवाबदेही तय होगी।
डिंग ग्राम पंचायत की ओर से पाइपलाइन बिछाने के बाद उखड़ी पड़ी गलियों की शिकायत उठाए जाने पर मुख्यमंत्री ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को तुरंत मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, काम बीच में अधूरा छोड़ने वाले ठेकेदार से जुर्माना वसूलने और नए ठेकेदार के माध्यम से 31 मार्च तक शेष कार्य हर हाल में पूरा करवाने के आदेश जारी किए गए। मुख्यमंत्री की इस सख्त कार्रवाई के बाद जिले के प्रशासनिक और ठेकेदारी हलकों में हलचल तेज हो गई है।
पंचायत भवन में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सुनीं जनसमस्याएं, 15 में से 13 शिकायतों का मौके पर निपटारा
अधूरे विकास कार्यों पर सरकार सख्त: सिरसा में ठेकेदार से जुर्माना वसूली और 31 मार्च तक काम पूरा करने के आदेश




