मंदिर दर्शन के लिए निकले 13 लोगों की दर्दनाक मौत, स्कॉर्पियो की अज्ञात वाहन से टक्कर

रामगढ़ में दिल दहला देने वाला हादसा: चार बच्चों और चार महिलाओं समेत 13 की गई जान

रामगढ़ (झारखंड)। झारखंड के रामगढ़ जिले में रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-33) पर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां पैंकी के पास स्कॉर्पियो और आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में चार बच्चों और चार महिलाओं समेत कुल 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिहार के नालंदा जिले से एक स्कॉर्पियो में सवार होकर लोग झारखंड के प्रसिद्ध रजरप्पा मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान रामगढ़ जिले में एनएच-33 पर पैंकी के पास उनकी गाड़ी आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। दुर्घटना में घायल हुए व्यक्ति को तत्काल बाहर निकालकर रामगढ़ के सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस हादसे में जान गंवाने वालों में चार मासूम बच्चे और चार महिलाएं भी शामिल हैं। एक साथ 13 लोगों की मौत की खबर से मृतकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बिहार के नालंदा जिले में भी इस घटना के बाद मातम का माहौल है।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की पहचान और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार, लापरवाही और सड़क सुरक्षा से जुड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *