“पढ़-लिखकर प्रिंस बनो, क्रिकेट में भी एडमिशन करा देंगे”: जनता दर्शन में गोंडा के छात्र को CM योगी का भरोसा

आर्थिक तंगी से रुका था क्रिकेट का सफर, जनता दर्शन में CM योगी ने 5 मिनट तक की छात्र प्रिंस साहू की काउंसलिंग

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को आयोजित ‘जनता दर्शन’ में फरियादियों के बीच एक संवेदनशील अभिभावक के रूप में नजर आए। कतार में बैठे गोंडा जिले के कक्षा 8 के छात्र प्रिंस साहू पर नजर पड़ते ही मुख्यमंत्री उसके पास गए और करीब पांच मिनट तक उससे आत्मीयता से बातचीत कर उसकी काउंसलिंग की।

गोंडा के इटियाथोक क्षेत्र स्थित पड़री पारासराय गांव के रहने वाले प्रिंस साहू ने मुख्यमंत्री को बताया कि उसे बचपन से ही क्रिकेट खेलने का गहरा जुनून है और वह खेल के जरिए प्रदेश व देश का नाम रोशन करना चाहता है। हालांकि, परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के चलते वह न तो क्रिकेट कोचिंग की फीस भर पा रहा है और न ही जरूरी खेल सामग्री व किट जुटा पा रहा है।

छात्र की बात ध्यान से सुनने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उसे पढ़ाई के महत्व का संदेश देते हुए कहा कि “बेटा तुम्हारा नाम प्रिंस है, इसलिए पढ़-लिखकर ‘प्रिंस’ बनो। हम क्रिकेट में भी तुम्हारा एडमिशन करवा देंगे।” मुख्यमंत्री के इस स्नेह भरे शब्दों और मदद के भरोसे ने नन्हे छात्र का हौसला बढ़ा दिया और उसके चेहरे पर मुस्कान लौट आई। जनता दर्शन में मिली इस सीधी बातचीत और आश्वासन से छात्र को अपने खेल और पढ़ाई दोनों को आगे बढ़ाने की नई उम्मीद मिली है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *