भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की मल्टी-लेन फ्री फ्लो (MLFF) बैरियर-लेस टोल प्रणाली ने हाईवे संचालन और सरकारी राजस्व दोनों को नई गति दी है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, 1 नवंबर 2026 तक देश के सात चालू बैरियर-लेस टोल प्लाजा से कुल 538.95 करोड़ रुपये का शुद्ध टोल राजस्व प्राप्त हुआ है। MLFF प्रणाली लागू होने से पहले की तुलना में यह आंकड़ा 19.84 प्रतिशत अधिक है, जिससे प्राधिकरण को करीब 89.23 करोड़ रुपये की अतिरिक्त कमाई हुई है।
इस तकनीक के तहत वाहनों को टोल प्लाजा पर रुकने या कतार में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ती। सेंसर और कैमरों की मदद से चलती गाड़ियों का टोल स्वतः कट जाता है, जिससे जाम घटता है, समय बचता है और ईंधन की खपत व उत्सर्जन कम होता है।
मई से अक्टूबर 2026 के बीच जिन सात टोल प्लाजा के आंकड़ों का आकलन किया गया, उनमें गुजरात का चोर्यासी (23.06% वृद्धि), दिल्ली का मुंडका (23.55%), हरियाणा का घरौंडा (17.39%), तमिलनाडु का परनूर (26.95%) तथा राजस्थान के दौलतपुरा (15.66%), मनोहरपुरा (24.51%) और शाहजहांपुर (16.57%) शामिल हैं। नेमिली और चेनासमुद्रम प्लाजा नवंबर 2026 में शुरू होने के कारण इस गणना में शामिल नहीं हैं।
हालांकि, कुछ वाहन चालकों द्वारा टोल बचाने के लिए नंबर प्लेट छिपाने या उससे छेड़छाड़ करने की शिकायतें भी सामने आई हैं। इसे रोकने के लिए NHAI राज्य पुलिस के साथ समन्वय कर रहा है और AI वाहन फिंगरप्रिंटिंग तथा वाहन (VAHAN) डेटाबेस के जरिए कार्रवाई तेज कर रहा है। जारी ई-नोटिसों की लगभग 60 प्रतिशत राशि पहले ही वसूल की जा चुकी है, जिससे सिस्टम की विश्वसनीयता और मजबूत हुई है।




