शेषनाग झील के पास भारी मशीनों के विवाद के बीच महबूबा मुफ्ती चंदनवाड़ी में रोकी गईं, जताई नाराजगी
दक्षिण कश्मीर के पहलगाम क्षेत्र में स्थित शेषनाग झील के आसपास चल रहे निर्माण कार्यों और भारी मशीनों के इस्तेमाल को लेकर छिड़े विवाद के बीच पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती को मंगलवार को चंदनवाड़ी में ही रोक दिया गया। वह शेषनाग झील की ओर बढ़ रही थीं ताकि वहां जारी निर्माण गतिविधियों का प्रत्यक्ष जायजा ले सकें।
चंदनवाड़ी में आगे जाने की अनुमति नहीं मिलने पर महबूबा मुफ्ती ने कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि मौके पर जाने से रोके जाने के बाद उनके सबसे बड़े डर सच साबित हो गए हैं। महबूबा के अनुसार, संवेदनशील ऊंचाई वाले इलाकों में भारी मशीनरी और निर्माण कार्यों की अनुमति देना गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने हिमालय के नाजुक पारिस्थितिकी तंत्र को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां पर्यावरण के संतुलन को बिगाड़ सकती हैं और भविष्य में किसी बड़ी पर्यावरणीय आपदा को न्योता दे सकती हैं। उनके मुताबिक, उच्च हिमालयी क्षेत्रों व जलस्रोतों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
शेषनाग झील के समीप निर्माण कार्यों को लेकर चल रहे इस विवाद ने स्थानीय स्तर पर पर्यावरण संरक्षण और प्रशासनिक फैसलों को लेकर नई बहस छेड़ दी है। एक ओर संवेदनशील क्षेत्र में पारिस्थितिकी को संभावित नुकसान की आशंका जताई जा रही है, वहीं महबूबा मुफ्ती को चंदनवाड़ी में रोके जाने के बाद इस मुद्दे पर सियासी सरगर्मी भी बढ़ गई है।




