HTET 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी, 27 नवंबर तक ऑनलाइन फॉर्म भरने का मौका

PRT, TGT और PGT के लिए HTET 2026 आवेदन शुरू, बिना नेगेटिव मार्किंग के होगी 150 अंकों की परीक्षा

भिवानी: हरियाणा में सरकारी और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH), भिवानी ने हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 27 नवंबर 2026 (रात 11:59 बजे) तक आधिकारिक वेबसाइट bseh.org.in या htet2026.org के माध्यम से अपना आवेदन फॉर्म और परीक्षा शुल्क जमा कर सकते हैं।

बोर्ड द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, यह पात्रता परीक्षा तीन अलग-अलग स्तरों के लिए 26 और 27 दिसंबर 2026 को प्रदेश भर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।

इसमें लेवल-3 यानी पोस्ट ग्रेजुएट टीचर (PGT) की परीक्षा 26 दिसंबर को होगी, जबकि लेवल-2 यानी ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर (TGT) और लेवल-1 यानी प्राइमरी टीचर (PRT) की परीक्षाएं 27 दिसंबर को आयोजित की जाएंगी। एक से अधिक स्तर के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को सिंगल रजिस्ट्रेशन के जरिए ही आवेदन करना होगा।

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए बोर्ड ने आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार (करेक्शन विंडो) की तिथि भी तय कर दी है। यदि फॉर्म भरते समय नाम, माता-पिता के नाम, जन्मतिथि या पहचान पत्र से जुड़े विवरण में कोई गलती हो जाती है, तो उम्मीदवार 28 और 29 नवंबर 2026 के बीच ऑनलाइन सुधार कर सकेंगे।

हालांकि, निर्धारित समय के बाद किसी भी प्रकार के बदलाव की अनुमति नहीं दी जाएगी।

परीक्षा पैटर्न की बात करें तो HTET 2026 का आयोजन ऑफलाइन (OMR आधारित) मोड में किया जाएगा। प्रत्येक स्तर के प्रश्न पत्र में 150 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे, जिनके लिए कुल 150 अंक और 150 मिनट का समय निर्धारित है।

अभ्यर्थियों के लिए राहत की बात यह है कि इस परीक्षा में कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी। बोर्ड ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे अंतिम समय की तकनीकी भीड़ से बचने के लिए 27 नवंबर से पहले ही अपना पंजीकरण सुनिश्चित कर लें।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *