पेराई सीजन 2026-27 में सिर्फ ₹15 की बढ़ोतरी से नाराजगी, किसान संगठनों ने दी चीनी मिलों को गन्ना सप्लाई रोकने की चेतावनी

खेती की लागत बढ़ी, दाम नाकाफी"—हरियाणा में गन्ने के रेट को लेकर अनिश्चितकालीन धरना तेज, 2 दिसंबर को सीएम आवास घेराव का अल्टीमेटम

यमुनानगर: आगामी पेराई सीजन 2026-27 के लिए गन्ने का राज्य परामर्श मूल्य (SAP) ₹430 प्रति क्विंटल तय किए जाने के फैसले के खिलाफ किसान संगठनों का विरोध तेज हो गया है।

पिछले सीजन 2025-26 के ₹415 प्रति क्विंटल के मुकाबले इस बार केवल ₹15 की बढ़ोतरी कर ₹430 प्रति क्विंटल (और 2027-28 के लिए ₹450 प्रति क्विंटल) दर निर्धारित की गई है।

किसान संगठनों ने इस बढ़ोतरी को नाकाफी बताते हुए इसे सिरे से खारिज कर दिया है और आंदोलन तथा धरने की चेतावनी दी है।

किसान यूनियनों का कहना है कि डीजल, खाद, बीज, कीटनाशक और मजदूरी की लागत में लगातार भारी उछाल आया है।

ऐसे में ₹15 प्रति क्विंटल की मामूली बढ़ोतरी किसानों की मेहनत और बढ़ती लागत के साथ अन्याय है। किसान संगठन गन्ने का भाव बढ़ाकर ₹600 प्रति क्विंटल करने की मांग पर अड़े हुए हैं।

विरोध के तहत यमुनानगर शुगर मिल सहित कई स्थानों पर किसानों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।

किसान संगठनों ने गन्ना उत्पादकों से अपील की है कि जब तक सरकार गन्ने का उचित मूल्य घोषित नहीं करती, तब तक चीनी मिलों को गन्ने की सप्लाई रोकी जाए। इसके साथ ही किसान नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि ₹600 प्रति क्विंटल भाव की मांग पूरी नहीं हुई, तो वे 2 दिसंबर को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे।

किसानों के इस कड़े रुख से पेराई सत्र और चीनी मिलों के संचालन पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। किसान संगठनों का साफ कहना है कि जब तक गन्ने के दाम में सम्मानजनक बढ़ोतरी नहीं की जाती, तब तक उनका धरना और आंदोलन जारी रहेगा।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *