प्रदेश के 10 जिलों में 10 डिग्री के नीचे पहुंचा तापमान, तीन दिन के लिए कोहरे की चेतावनी जारी

महेंद्रगढ़ रहा सबसे ठंडा, करनाल में भी 8.8°C तापमान; मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

हरियाणा में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है और प्रदेश में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। रात के तापमान में लगातार गिरावट के चलते पारा अब 9 डिग्री सेल्सियस से नीचे लुढ़क गया है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान महेंद्रगढ़ में 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम है। इसके साथ ही करनाल में भी न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश के 10 जिलों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे आ गया है। इनमें महेंद्रगढ़ (8.7°C) और करनाल (8.8°C) के अलावा रेवाड़ी (9.2°C), झज्जर (9.5°C), कैथल (9.8°C) तथा अंबाला, हिसार, कुरुक्षेत्र, पंचकूला और यमुनानगर (10.0°C) शामिल हैं।

 

बढ़ती ठिठुरन के बीच मौसम विभाग ने 20 से 22 नवंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। 20 नवंबर को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, फरीदाबाद, पलवल और नूंह सहित 11 जिलों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने की चेतावनी दी गई है।

वहीं, 21 और 22 नवंबर को कोहरे का दायरा पश्चिमी हरियाणा तक बढ़ने का अनुमान है, जिसके तहत कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद और रोहतक को छोड़कर राज्य के बाकी 18 जिलों में सुबह और रात के समय घने कोहरे का येलो अलर्ट रहेगा।

गिरते तापमान और शुष्क मौसम को देखते हुए चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू), हिसार और मौसम विभाग ने किसानों व पशुपालकों के लिए विशेष सलाह जारी की है। साथ ही, कोहरे के कारण दृश्यता कम होने की आशंका को देखते हुए वाहन चालकों को सुबह और रात के समय सावधानीपूर्वक यात्रा करने की अपील की गई है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *