डबवाली। नशीली और प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस और ड्रग विभाग ने संयुक्त रूप से मेडिकल स्टोरों पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने विभिन्न मेडिकल स्टोरों पर पहुंचकर दवाओं की खरीद-बिक्री से संबंधित रिकॉर्ड, स्टॉक रजिस्टर और जरूरी दस्तावेजों की जांच की। अधिकारियों ने मेडिकल स्टोर संचालकों को दवा बिक्री से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश भी दिए।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, थाना शहर डबवाली के प्रभारी निरीक्षक अवतार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ड्रग कंट्रोल अधिकारी (डीसीओ) सुनील कुमार के साथ मंडी डबवाली के मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने दुकानों में उपलब्ध दवाओं के स्टॉक और उनके वितरण से संबंधित दस्तावेजों का मिलान किया। साथ ही यह भी देखा गया कि मेडिकल स्टोरों पर दवाओं की बिक्री निर्धारित नियमों के अनुसार की जा रही है या नहीं।
बिना पर्ची प्रतिबंधित दवाएं बेचने पर होगी कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेडिकल स्टोर संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नशीली और प्रतिबंधित श्रेणी में आने वाली दवाओं की बिक्री बिना वैध चिकित्सकीय परामर्श के न करें।
ऐसी दवाओं की खरीद और बिक्री का पूरा रिकॉर्ड नियमानुसार सुरक्षित रखना भी जरूरी है।
पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि किसी मेडिकल स्टोर पर नियमों की अनदेखी या प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री पाई जाती है तो संबंधित संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य केवल मेडिकल स्टोरों की जांच करना ही नहीं, बल्कि दवा विक्रेताओं को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना भी है।
पुलिस और ड्रग विभाग ने संकेत दिए कि भविष्य में भी इस प्रकार की जांच जारी रहेगी, ताकि प्रतिबंधित दवाओं के दुरुपयोग और अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके




