भारी वित्तीय दबाव और बढ़ते नुकसान के बीच एअर इंडिया के भविष्य और वित्तीय सुधार को लेकर शीर्ष स्तर पर हलचल तेज हो गई है। कंपनी का घाटा ₹22,000 करोड़ के पार पहुंचने के बाद टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन और बोर्ड सदस्य नोएल टाटा ने एअर इंडिया के मुख्यालय का दौरा किया। बताया जा रहा है कि खर्चों पर लगाम कसने और परिचालन को दुरुस्त करने के लिए आज अहम बोर्ड मीटिंग आयोजित की जा रही है, जिस पर पूरे एविएशन सेक्टर की नजरें टिकी हैं।
आंकड़ों के मुताबिक, एअर इंडिया का घाटा बढ़कर ₹22,000 करोड़ से अधिक हो गया है। ईंधन की बढ़ती कीमतों, विदेशी मुद्रा से जुड़े नुकसान, सप्लाई चेन की चुनौतियों और अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर परिचालन संबंधी बाधाओं ने कंपनी की लागत बढ़ाई है और वित्तीय संतुलन को प्रभावित किया है। इसी पृष्ठभूमि में शीर्ष नेतृत्व ने जमीनी स्थिति की समीक्षा करने के लिए मुख्यालय का दौरा किया और संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया।
आज होने वाली बोर्ड बैठक में सबसे बड़ा फोकस लागत में कटौती (कॉस्ट रैशनलाइजेशन) और परिचालन दक्षता बढ़ाने पर रहने की उम्मीद है। इसके अलावा एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस के बीच बेहतर तालमेल और संसाधनों के प्रभावी इस्तेमाल जैसे विषयों पर भी चर्चा हो सकती है। टाटा संस और सिंगापुर एयरलाइंस के साझा उपक्रम के रूप में एअर इंडिया लंबे समय से रूपांतरण और आधुनिकीकरण के दौर से गुजर रही है।
विश्लेषकों का मानना है कि बढ़ते घाटे को नियंत्रित करना कंपनी के लिए तात्कालिक चुनौती है। आज की बोर्ड बैठक के फैसले यह तय करेंगे कि एअर इंडिया खर्चों को नियंत्रित करते हुए अपनी विस्तार योजनाओं और सेवा गुणवत्ता को किस दिशा में आगे बढ़ाती है।




