जिले में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीद प्रक्रिया में हुए करोड़ों रुपये के फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आया है। जांच में खुलासा हुआ है कि जिन खेतों में वास्तविक रूप से कपास और बाजरे की फसल बोई गई थी, उन्हें सरकारी रिकॉर्ड और पोर्टल पर धान का रकबा दिखाकर करीब 6.58 करोड़ रुपये की धान बिक्री दर्ज कर दी गई। इस गंभीर अनियमितता के सामने आने के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए कुल 48 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है।
प्रारंभिक पड़ताल के अनुसार, आरोपियों ने मिलीभगत कर फर्जी फसल पंजीकरण तैयार किए और सरकारी खरीद एजेंसियों को गुमराह करते हुए करोड़ों रुपये का भुगतान हासिल करने की कोशिश की। हैरानी की बात यह है कि कई वास्तविक जमीन मालिकों को इस बात की जानकारी तक नहीं थी कि उनकी भूमि के नाम पर पोर्टल पर पंजीकरण कर फसल बिक्री दिखाई गई है। भौतिक सत्यापन और रिकॉर्ड मिलान के दौरान जब वास्तविक फसल और दस्तावेजों में दर्ज आंकड़ों में बड़ा अंतर पाया गया, तो पूरे फर्जीवाड़े की परतें खुलनी शुरू हुईं।
प्रशासनिक स्तर पर मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित एजेंसियों और पुलिस को विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अब पंजीकरण प्रक्रिया, बैंक खातों के लेनदेन और इसमें शामिल बिचौलियों की भूमिका की गहनता से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी योजनाओं और खरीद प्रणाली का दुरुपयोग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और जांच में जो भी नए नाम सामने आएंगे, उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




