नई दिल्ली। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह (बालेन शाह) की दो दिवसीय भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय हवाई संपर्क को मजबूत करने के लिए एक बड़ा फैसला लिया गया है। भारत और नेपाल ने मौजूदा एकतरफा B345 काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ हवाई मार्ग को अब दोनों दिशाओं में (टू-वे) संचालित करने पर सहमति जताई है।
अब तक यह हवाई मार्ग केवल एक दिशा में ही संचालित होता था, जिसके कारण पश्चिम दिशा से नेपाल जाने वाले अंतरराष्ट्रीय विमानों को सिमरा हवाई मार्ग से लंबा चक्कर लगाना पड़ता था। नेपाल पिछले 17 वर्षों से अतिरिक्त अंतरराष्ट्रीय हवाई प्रवेश मार्ग की मांग कर रहा था। इस समझौते को नेपाल के उड्डयन क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
इस निर्णय से भैरहवा स्थित गौतम बुद्ध अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन अधिक सुगम हो सकेगा। इससे न केवल विमानों की दूरी और ईंधन खर्च में कमी आएगी, बल्कि भगवान बुद्ध की जन्मस्थली लुंबिनी और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन को भी बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
संयुक्त बयान के अनुसार, दोनों देशों के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण जल्द ही इस मार्ग के तकनीकी पहलुओं पर विचार-विमर्श करेंगे। इसमें विशेष रूप से भारतीय हवाई क्षेत्र से नेपाल में प्रवेश करते समय विमानों की उड़ान ऊंचाई और सुरक्षा मानकों को अंतिम रूप दिया जाएगा। प्रधानमंत्री बालेन शाह के हालिया भारत दौरे से निकले प्रमुख परिणामों में यह समझौता दोनों पड़ोसी देशों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी और आपसी सहयोग को नई गति देने वाला कदम साबित होगा।




