हरियाणा के सिरसा में सड़क किनारे पड़ा एक महंगा स्मार्टफोन मिलने और उसे असली मालिक तक सुरक्षित पहुंचाने की पहल सामने आई है. जानकारी के अनुसार, पंजाब के सुनाम से आकर सिरसा के सदर बाजार क्षेत्र में जुराब की रेहड़ी लगाने वाले कृष्ण को शनिवार शाम करीब 6 से 6:30 बजे के बीच घर लौटते समय सड़क किनारे यह मोबाइल पड़ा मिला. मटका चौक से थोड़ा आगे पश्चिम दिशा की ओर सड़क के किनारे पड़े इस फोन को कृष्ण ने किसी की अमानत समझकर उठा लिया.
बताया जा रहा है कि यह सैमसंग गैलेक्सी एस23 अल्ट्रा (Samsung S23 Ultra) सीरीज का फोन है, जिसकी स्क्रीन पर तारा बाबा (तारा बाबा की कुटिया) की तस्वीर लगी हुई है. फोन मिलने के बाद कृष्ण ने इसे अपने पास रखने के बजाय ईमानदारी दिखाते हुए होजरी सामग्री देने वाले दुकानदार सुनील को सौंप दिया, ताकि सही मालिक तक इसे पहुंचाया जा सके.
दुकानदार सुनील ने बताया कि फोन शनिवार को ही उन्हें दे दिया गया था और वे चाहते हैं कि बिना किसी परेशानी के यह फोन इसके वास्तविक मालिक को मिल जाए. जिस किसी का भी यह मोबाइल है, वह सिरसा की लक्ष्मणदास रोड़ा वाली गली स्थित ‘सुनील होजरी’ दुकान पर जाकर फोन का लॉक खोलकर या पहचान संबंधी प्रमाण दिखाकर इसे वापस ले सकता है. रेहड़ी चालक कृष्ण की इस ईमानदारी की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है.




