जस्टिस एमएस सोनक की सेवानिवृत्ति से पहले हेमंत सोरेन की चिट्ठी, झारखंड हाईकोर्ट के नए चीफ जस्टिस की जल्द नियुक्ति की मांग

27 नवंबर को रिटायर होंगे जस्टिस सोनक, झारखंड हाईकोर्ट में स्थायी नेतृत्व के लिए कॉलेजियम से त्वरित सिफारिश का आग्रह

झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एमएस सोनक के 27 नवंबर को सेवानिवृत्त होने से पहले राज्य में न्यायिक नेतृत्व की निरंतरता को लेकर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत और सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम के सदस्यों को पत्र भेजकर नए मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति के लिए शीघ्र अनुशंसा करने का आग्रह किया है।

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में लिखा है कि हाईकोर्ट में बार-बार बदलाव और लंबे समय तक अंतरिम अथवा कार्यवाहक व्यवस्था से न्यायिक प्रशासन में अनिश्चितता की स्थिति बन सकती है। उनके अनुसार, इससे संस्थागत कामकाज की निरंतरता, प्रशासनिक व्यवस्था और भविष्य की योजनाओं पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। हेमंत सोरेन ने यह भी उल्लेख किया कि किसी भी उच्च न्यायालय के प्रशासनिक और न्यायिक संचालन में मुख्य न्यायाधीश का पद केंद्रीय भूमिका निभाता है, इसलिए स्थायी और स्पष्ट नेतृत्व आवश्यक है।

पत्र में हाईकोर्ट और अधीनस्थ न्यायालयों में लंबित मामलों का जिक्र करते हुए कहा गया है कि समय पर पूर्णकालिक मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति होने से नए प्रमुख को अदालत की कार्यप्रणाली से परिचित होने और कामकाज को सुचारु रूप से आगे बढ़ाने में सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री के मुताबिक, न्याय वितरण प्रणाली के प्रति जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए स्थिर नेतृत्व महत्वपूर्ण है। यदि जस्टिस सोनक के सेवानिवृत्त होने से पहले कॉलेजियम की सिफारिश और नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं होती है, तो हाईकोर्ट को एक बार फिर अंतरिम व्यवस्था के दौर से गुजरना पड़ सकता है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *