डिसलेक्सिया की संवेदनशील कहानी और ईशान अवस्थी की मासूमियत: क्यों आज भी खास है ‘तारे जमीन पर’

सिर्फ फिल्म नहीं, अभिभावकों और शिक्षकों के लिए आईना: 'तारे जमीन पर' की कामयाबी की बड़ी वजहें

मुंबई: हिंदी सिनेमा के इतिहास में कुछ फिल्में ऐसी आती हैं जो केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि समाज की सोच और संवेदनशीलता को भी गहराई से छूती हैं। साल 2007 में रिलीज हुई फिल्म ‘तारे जमीन पर’ भी ऐसी ही एक रचना है, जिसका निर्देशन और निर्माण आमिर खान ने किया था।

डिसलेक्सिया जैसी गंभीर और अक्सर अनदेखी रह जाने वाली सीखने की अक्षमता पर आधारित यह फिल्म न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर बड़ी कामयाबी हासिल करने में सफल रही, बल्कि इसने अभिभावकों, शिक्षकों और दर्शकों को बच्चों की भावनाओं और क्षमताओं को नए नजरिए से समझने के लिए प्रेरित किया।

फिल्म में आमिर खान ने कला शिक्षक राम शंकर निकुंभ की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिन्होंने एक बच्चे की छिपी प्रतिभा और पीड़ा को पहचाना। इसके बावजूद, कहानी का केंद्र बिंदु और भावनात्मक धुरी आठ वर्षीय ईशान अवस्थी का किरदार रहा, जिसे चाइल्ड आर्टिस्ट दर्शील सफारी ने पर्दे पर जीवंत किया।

अक्षरों और शब्दों से जूझते एक संवेदनशील बच्चे की बेबसी, डर, अकेलेपन और फिर आत्मविश्वास से भरे बदलाव को दर्शील ने इतनी सहजता और सच्चाई के साथ निभाया कि दर्शक खुद को उनके किरदार से जोड़ पाए।

कम उम्र में मिला यह किरदार दर्शील सफारी के करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। बड़े स्टार के साथ स्क्रीन साझा करने के बावजूद उन्होंने अपने अभिनय से यह दिखाया कि सशक्त लेखन और संवेदनशील निर्देशन मिलने पर एक बाल कलाकार भी पूरी फिल्म का भार अपने कंधों पर उठा सकता है। उनके इस प्रदर्शन को आलोचकों से लेकर आम दर्शकों तक ने सराहा और कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। आज भी ‘तारे जमीन पर’ की चर्चा होते ही ईशान अवस्थी की मासूमियत और हर बच्चे के भीतर छिपे ‘तारे’ को पहचानने का संदेश सबसे पहले याद आता है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *